ट्रेन के पहिए से धुआं उठता देख कूदकर भागने लगे यात्री, मची अफरा तफरी

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के अप लाइन पर उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब कामाख्या से आनंद बिहार को जा रही नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट ट्रेन के पहिए से अचानक धुंआ निकलने लगा। यह देख ट्रेन में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया और ट्रेन से उतर कर यात्री इधर उधर भागने लगे। घटना गुरुवार की सुबह 9:16 बजे की है।

बताया जा रहा है कि ट्रेन नं 12505 नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट एक्सप्रेस गुरुवार की सुबह स्थानीय रेलवे स्टेशन से होते हुए जा रही थी। ट्रेन जैसे ही अप प्लेटफार्म के स्टार्टर सिग्नल से आगे निकली तभी किसी व्यक्ति ने ट्रेन में चैनपुलिंग (एसीपी) कर दिया। जिससे ब्रेक बाइंडिंग होने से ट्रेन अचानक रुक गई और इंजन के पीछे पांचवे जनरल कोच का पहिया जाम हो गया और उसमें से धुआं उठने लगा।

यह देख उस कोच के यात्रियों में अफरा तफरी मच गई और आग लगने की आशंका से भयभीत होकर यात्री नीचे उतर कर इधर उधर भागने लगे। भगाने के दौरान ही एक यात्री का सिर फटने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि उस यात्री का नाम पता नहीं मालूम हो सका।

ब्रेक बाइंडिंग की जानकारी होने पर ट्रेन के को- पायलट ने ब्रेक बाइंडिंग को छुड़ाया तब जाकर 9:30 बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना हुआ और यात्रियों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *