सड़क हादसे में घायल युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

जमानियां (गाजीपुर)।  नोनहरा थाना क्षेत्र के सुसुंडी गांव के पास सड़क दुर्घटना में घायल खिजिरपुर अलीनगर, जमानियां निवासी दुर्गेश यादव (28) पुत्र राजेन्द्र यादव की वाराणसी में इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार 16 अक्टूबर 2025 को दुर्गेश अपने दोस्त का सामान पहुंचाने जा रहे थे, तभी नोनहरा थाना क्षेत्र के सुसंडी गांव के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दुर्गेश को गाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें वाराणसी के हाईटेक हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान 19 अक्टूबर की दोपहर 2 बजे उनकी मौत हो गई।

मृत्यु की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम होने के बाद सोमवार की सुबह दुर्गेश का अंतिम संस्कार गंगा घाट पर किया गया। दुर्गेश दो भाइयों में छोटे थे और अहमदाबाद में गाड़ी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मृतक की शादी सुहवल गांव में हुई थी। उनके पीछे पत्नी और दो वर्ष का एक पुत्र है। दुर्गेश के निधन से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के साथ ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

दुर्गेश की असामयिक मृत्यु की सूचना पाते ही जिला पंचायत सदस्य बसंत यादव सहित क्षेत्रीय लोगों ने मृतक के घर पहुंच कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *