जमानियां (गाजीपुर)। जयपुर में 10 से 12 अक्टूबर 2025 तक आयोजित भारत नेशनल ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में एस.एस. देव पब्लिक स्कूल के दो छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जनपद का नाम गौरवान्वित किया है।
विद्यालय के छात्र प्रिंस भारती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं छात्र हरिओम यादव ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
इन दोनों प्रतिभाशाली छात्रों की इस सफलता पर विद्यालय परिवार में हर्ष व्याप्त है। विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र कुशवाहा एवं प्रधानाचार्या सुनीता कुशवाहा ने दोनों छात्रों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने कहा कि “हमारे विद्यार्थियों की यह सफलता विद्यालय के अनुशासन, परिश्रम और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिणाम है। ऐसे प्रतिभावान छात्र आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।”
विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी इन दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के सहसंयोजक डॉ. देवेंद्र वर्मा, सहसंयोजीका शगुफ्ता रहमान, शिक्षक पवन कुमार तिवारी, सिद्धार्थ शंकर यादव,शशि बाला देवी, गुलशन बानो, रूपा गुप्ता, छोटेलाल, धर्मेंद्र यादव आदि सम्मिलित रहे।










