जमानिया (गाजीपुर)। नगसर हाल्ट थाना पुलिस ने अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए गुरुवार को तीन नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक लालता प्रसाद यादव टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नगसर हाल्ट स्टेशन पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्टेशन से तीनों अपहृता नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही मामले में वांछित आरोपी ओमकार उर्फ मिथुन पुत्र उमेश राम, निवासी कपसिया, थाना कन्दवा, जनपद चंदौली, उम्र करीब 19 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक उक्त मामले में आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



