जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के ग्राम देवरिया सब्बलपुर चट्टी पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग सेंटर दुकान में शुक्रवार रात चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर लगभग 50 हजार रुपये से अधिक मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए।
ग्राम रामपुरपट्टी सरनाम खां उर्फ खावपुर निवासी बादल का देवरिया चट्टी पर इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग की दुकान है। दुकानदार बादल गुरुवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चला गया। अगली सुबह पास की मिठाई दुकान के मालिक राजेश ने देखा कि बादल की दुकान का पिछला दरवाजा टूटा हुआ था। राजेश ने तुरंत बादल को सूचित किया।
बादल ने मौके पर पहुंचकर देवरिया पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। दुकानदार बादल ने बताया कि चोर दुकान से दो बंडल कॉपर वायर (करीब 10 किलो), लगभग 20 किलो कॉपर स्क्रैप, सोलर लाइट, प्रेस, पंखा और टॉर्च आदि सामान चुरा ले गए।
चोरों ने पास की महेंद्र सिंह यादव की डेयरी की दुकान में भी प्रवेश करने का प्रयास किया और दरवाजा तोड़ दिया, लेकिन वहां से कुछ नहीं चुरा सके।










