जमानियां (गाजीपुर)। जमदग्नि ऋषि की तपोस्थली के नाम से विख्यात जमानियां के इतिहास में सोमवार का दिन सनातन परंपरा की दृष्टि से काफी अहम रहा।
जी हां, स्थानीय राजकीय बालिका इंटर कालेज के पास शरद पूर्णिमा की शाम उतरा भाद्र पद नक्षत्र में जमदग्नि ऋषि की मूर्ति स्थापना हेतु नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता व वरिष्ठ भाजपा नेता बालकृष्ण त्रिवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। पूजन का कार्य पंडित उद्धव पांडेय ने कराया। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग जुटे रहे।।
बता दें कि जमदग्नि ऋषि भगवान परशुराम के पिता है। भगवान परशुराम का मंदिर नगर पालिका क्षेत्र के हरपुर में स्थित है जबकि जमदग्नि ऋषि का आश्रम गंगा किनारे बलुवा घाट पर स्थित है। काफी समय से ब्राह्मण समाज द्वारा जमदग्नि ऋषि की मूर्ति स्थापना की मांग की जा रही थी। ब्राह्मण समाज ने नगर पालिका अध्यक्ष को इसके लिए पत्रक भी सौंपा था।
पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि जमदग्नि ऋषि की मूर्ति का स्थापना होने से यहां के विरासत में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा, जो ऐतिहासिक साबित होगा। ब्राह्मण समाज की मांग को पूरा किया गया। जमदग्नि ऋषि के स्मारक निर्माण में लगभग एक करोड़ रुपया खर्च हो रहा है। भूमि पूजन के बाद स्मारक निर्माण का कार्य शुरू होगा जो भव्य और दिव्य होगा।
इस मौके पर कमल निगम, नगर मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा, सुनील सिंह, मनोज राय, अनिल गुप्ता, रविंद्र यादव, रविंद्र गिरी, सोनू खां, रोहित शर्मा, खालिद खां, राजू पांडेय व सभासद उमराव, राहुल वर्मा, एनाम राईनी, राधेश्याम, मोहन गुप्ता, विजयशंकर राय, संजीत यादव सहित नगरवासी मौजूद रहे।










