क्षेत्राधिकारी ने छात्राओं को मिशन शक्ति की दी जानकारी

जमानियां (गाजीपुर)। मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के अंतर्गत कस्बा नगर स्थित सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह व कोतवाली की पुलिस टीम ने चौपाल लगाकर छात्राओं, महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया। क्षेत्राधिकारी ने महिला संबंधी अपराध, साइबर अपराधों से सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन व सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस 24 घंटे नागरिकों की मदद के लिए तत्पर है।

उन्होंने त्योहारों के दौरान सुरक्षा, शांति व सौहार्द बनाए रखने का भी आह्वान किया। महिला आरक्षी शालिनी पटेल ने कार्यक्रम में मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा व सम्मान, महिला सहायता केंद्र व महिला हेल्पडेस्क की भूमिका के बारे में बताया।

उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को डायल 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (वुमेन पावर लाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध) और 181 (महिला हेल्पलाइन) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसके बाद स्कूली बच्चों को पर्चे भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक एस.पी. मौर्य, प्रधानाचार्य एल.डी. जेना, समन्वयक नफीस अंसारी, शबीना खान सहित अन्य शिक्षक और छात्राएँ उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *