जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन चौकी पुलिस ने सड़क दुर्घटना में बड़ेसर निवासी एक युवक की मृत्यु होने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह ने बताया कि बीते छठ पर्व पर सोमवार की रात बघरी गांव निवासी काशी पुत्र विश्वनाथ द्वारा नशे में धुत होकर लापरवाही पूर्वक बाइक चलाते उसके बाइक की टक्कर से बड़ेसर गांव के सुरेंद्र शर्मा (40) पुत्र सिद्धनाथ शर्मा की मौत हो गयी थी। जिसके संबंध में आरोपी बाइक चालक काशी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था और उसकी तलाश की जा रही थी।
जिसके क्रम में मुखबिर की सूचना पर शनिवार को ग्राम बघरी गांव से आरोपी काशी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।










