जमानियां (गाजीपुर)। नगर के कस्बा बाजार स्थित बलुआघाट के रामलीला मैदान में सोमवार की रात भव्य रामलीला मंचन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन आदर्श नगर पालिका अध्यक्ष एवं श्री प्राचीन रामलीला समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने हनुमान जी की पूजा-अर्चना एवं आरती कर किया। इस अवसर पर सभासदों के साथ श्री हरि विष्णु और हनुमान जी महाराज की आरती भी संपन्न हुई।

अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि प्रभु श्रीराम हमारे आदर्श हैं। रामलीला केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों, आदर्श जीवन और सांस्कृतिक धरोहर को आत्मसात करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में पंडित अनिल पांडे ने विधिवत पूजन कराया। पहले दिन नारद मोह और रावण जन्म की लीला का मंचन हुआ, जिसे देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे।
इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, सभासद उमराव यादव, रोहित शर्मा, सुनील गुप्ता, गणेश चौधरी, मीडिया प्रभारी संजीत यादव, रत्नेश, राजेश, सत्यवीर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।








