गौ तस्करी कराने के एवज में सिपाही पर धनउगाही का आरोप, वीडियो हुआ वायरल

जमानियां (गाजीपुर)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें स्थानीय थाना के एक सिपाही द्वारा पशु तस्करी के नाम पर 25 हजार रुपए प्रति सप्ताह लेने का दावा किया जा रहा है।

पशु तस्करी का वीडियो वायरल होने के बाद बताया जा रहा है कि शनिवार की रात फुफुआंव गांव के रास्ते वध के लिए पिकअप वाहन (UP67AT3361) से गोवंशो को बिहार ले जाते समय कुछ ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पिकअप में 3 गोवंश मौजूद थे। ग्रामीणों की पूछताछ में पिकअप चालक ने बताया कि फुल्ली गांव का रहने वाला एक पशु तस्कर यह कार्य करा रहा है और इसके एवज में स्थानीय कोतवाली का एक सिपाही 25 हजार रुपए प्रति सप्ताह वसूली करता है।

वीडियो वायरल होने के बाद जमानियां कोतवाली पुलिस की कार्य प्रणाली अब सवालों के घेरे में है। गौ तस्करी में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता उजागर होने के बाद आम जन मानस में तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। ऐसे में यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि सूबे के मुखिया की जीरो टॉलरेंस की नीति का मजाक बनाने वाले दोषी पुलिसकर्मियों पर किस तरह की कार्रवाई होती है।

फिलहाल इस मामले में पुलिस ने पिकअप और गोवंशो को पकड़ कर कोतवाली ले आई है और पिकअप वाहन को सीज कर अज्ञात चालक के खिलाफ पशु क्रूरता व गोवध निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *