न्यायालय के आदेश पर वाहन लेकर फरार चालक पर दर्ज हुआ मुकदमा

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सब्बलपुर कला गांव निवासी श्रवण कुमार यादव ने अपने ही ड्राइवर अनिल यादव पर मालवाहक वाहन लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। जिस पर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पीड़ित वाहन मालिक श्रवण कुमार यादव ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी मालवाहक गाड़ी संख्या UP61AT-7825 उनके नाम से रजिस्टर्ड है। 28 दिसंबर 2023 को ड्राइवर अनिल यादव, निवासी नकटीकोल, थाना भांवरकोल, पांच लाख रुपये मूल्य के लहसुन की खेप लेकर पतालगंगा, मुहम्मदाबाद गया था, लेकिन उसके बाद वह वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस विभाग के अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

10 जून 2025 को जब उन्हें सूचना मिली कि अनिल अपने गांव आया है, तो वे अपने मित्र शुभम यादव के साथ वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान आरोपी अनिल ने एक लाख रुपये देने पर गाड़ी लौटाने की बात कही, लेकिन थोड़ी देर बाद वाहन लेकर फिर भाग गया। तब घटना की सूचना 112 नंबर पर और थाने में दी गई, पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

इसके बाद उन्होंने 11 जून को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को रजिस्ट्री के माध्यम से पत्र भेजा, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *