घर में घुसे चोर को पड़ोसियों ने पकड़ कर किया पुलिस के हवाले, जांच में जुटी पुलिस

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के काली मंदिर के पास स्थित एक बंद मकान को रविवार की रात एक चोर ने अपना निशाना बनाया लेकिन पड़ोसियों की सतर्कता से वह चोरी करने में नाकाम रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी चोर को पकड़ कर पूछताछ में जुट गई।

जानकारी के मुताबिक काली मंदिर के पास वार्ड नं 17 निवासी बृजेश पुत्र रामनिवास शादी समारोह में शामिल होने के लिए दो दिन पहले वाराणसी गए हुए थे। इसी दौरान रविवार की रात करीब 12 बजे बंद पड़े मकान को देख एक चोर दरवाजे का ताला तोड़ घर के अंदर घुस गया। तभी एक कार्यक्रम से काली मंदिर के रास्ते घर लौट रहे पड़ोसी युवक राजकुमार की नजर टूटे हुए ताले पर पड़ गई। यह देख उसने अन्य पड़ोसियों को मौके पर बुला लिया।

इसकी भनक लगते ही घर में घुसा चोर छत के रास्ते साड़ी के सहारे नीचे उतरने लगा। जिसे पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया और घटना की जानकारी चौकी पुलिस को दी। संयोग अच्छा रहा कि युवक की सतर्कता से घर में घुसा चोर चोरी करने में असफल रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चोर को पकड़ कर चौकी ले गई।

इस संबंध में नवागत चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि आरोपी युवक से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *