भरण-पोषण न देने पर न्यायालय के आदेश पर आरोपी की जमीन 42.40 लाख रुपए में नीलाम

जमानियां (गाजीपुर)। पारिवारिक न्यायालय बोकारो (झारखंड) के आदेश पर जिला प्रशासन के निर्देश पर स्थानीय तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्नी को भरण-पोषण की राशि न चुकाने वाले आरोपी पति विवेक राय निवासी सुहवल की जमीन को नीलाम कर दिया है।

शनिवार को तहसील सभागार में तीन चक्र में हुई इस नीलामी में आरोपी पति की ग्राम सुहवल मौजा के गाटा संख्या 1909 के 0.684 हेक्टेयर भूमि को 42 लाख 40 हजार रुपये की उच्चतम बोली लगाकर विकास राय निवासी सुहवल ने अपने नाम किया।

पूरा मामला बोकारो के प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय अरविंद कुमार की अदालत से जुड़ा है। अदालत ने भरण-पोषण मामला संख्या 38/2004 (सुनीता राय बनाम विवेक राय) में आदेश जारी किया था। इसके तहत ग्राम सुहवल, जमानियां गाजीपुर निवासी विवेक राय पुत्र विजय नारायण राय को अपनी पत्नी सुनीता राय को 15,000 रुपये प्रति माह गुजारा भत्ता देना था।

आदेश की लगातार अवहेलना करने के कारण आरोपी पर कुल 37 लाख रुपये की देनदारी बकाया हो गया था।झारखंड की अदालत ने गाजीपुर के जिला कलेक्टर को ‘व्यथा वारंट’ जारी कर आरोपी की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर वसूली करने के सख्त निर्देश दिए थे।

तय समय के भीतर विवेक राय द्वारा भुगतान नहीं किया गया। तब अदालती आदेश के अनुपालन में शनिवार को तहसील सभागार में सुहवल मौजा के आराजी नं 1909 के 0.684 हेक्टेयर भूमि की सार्वजनिक नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई। इस नीलामी में विजय किशोर राय निवासी उधरनपुर सुहवल, सत्येंद्र कुमार राय निवासी सुहवल, संदीप यादव निवासी बड़ौरा व विकास कुमार राय सुहवल ने हिस्सा लिया। जिसमें विकास राय पुत्र धीरेंद्र राय ने सबसे ऊंची 42 लाख 40 हजार रुपये की बोली लगाकर जमीन को खरीद लिया।

सबसे अधिक बोली लगाने वाले विकास राय ने मौके पर ही नीलामी की कुल राशि का एक चौथाई हिस्सा यानी 10 लाख 60 हजार रुपये से अधिक 11 लाख रुपए तहसील के राजस्व विभाग के पास जमा कर दिए। प्रशासन ने उन्हें शेष तीन चौथाई रकम को 15 दिनों के भीतर हर हाल में चुकता करने का निर्देश दिया है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व इसी प्रकरण को लेकर 4 जून 2026 को नीलामी प्रक्रिया पूरी की गई थी, लेकिन कोर्ट चालान में कुछ त्रुटियों के कारण वह निरस्त हो गया और त्रुटियों के सुधार के बाद शनिवार को तहसीलदार जितेंद्र कुमार व राजस्व संग्रह अमीन की उपस्थिति में पुनः नीलामी प्रक्रिया पूरी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *