जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कस्बा बाजार के लोदीपुर स्थित सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में स्वीप कार्यक्रम के तहत बुधवार को विद्यार्थियों के बीच निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘सशक्त लोकतंत्र : मतदान एक जिम्मेदारी’ रखा गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व और नागरिकों के दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पहुंची एसडीएम निधि ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाना तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका को रेखांकित करना है। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा एवं विचारों के माध्यम से मतदान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने लेखन के जरिए निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदारी के साथ मतदान करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में आकर्षक रंगों और सुंदर डिजाइनों के माध्यम से लोकतंत्र, मताधिकार और मतदान जागरूकता से जुड़े संदेश प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने मतदान के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
तहसीलदार जितेंद्र कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान करना बेहद आवश्यक है। मतदान केवल एक संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। एक जागरूक मतदाता अपने मताधिकार का सही उपयोग कर देश के भविष्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें तथा उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें।
विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश मौर्य ने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक और जिम्मेदार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और नागरिक कर्तव्यों के प्रति समझ विकसित होती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एल. डी. जेना ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने परिवार और समाज में मतदान जागरूकता का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से परिचित कराने के साथ ही सशक्त एवं जागरूक लोकतंत्र के निर्माण का संदेश दिया गया।





