जमानियां (गाजीपुर)। हिंदू इंटर कॉलेज व हिन्दू पीजी कॉलेज में सोमवार को पहुंचे 91 यूपी बटालियन एनसीसी मुगलसराय के कमान अधिकारी कर्नल अमर सिंह ने एनसीसी कैडेट्स में जोश भरते हुए उनका मार्गदर्शन व निरीक्षण किया। सर्वप्रथम कर्नल अमर सिंह हिंदू इंटर कॉलेज पहुंचे जहां उन्होंने कॉलेज के संस्थापक स्व. गोवर्धन दास के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात कॉलेज के सभागार में प्रधानाचार्य अवधेश कुमार व उप प्रबंधक रवींद्र नाथ यादव ने उन्हें अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स को संबोधित करते हुए कर्नल अमर सिंह ने कहा कि एनसीसी केवल फौज में जाने का रस्ता नहीं है, बल्कि यह आपके व्यक्तित्व के विकास और नेतृत्व की क्षमता में वृद्धि का भी रस्ता है। एनसीसी आपको सबसे अलग रखता है, जो आपके भविष्य के लिए सुनहरा अवसर प्रदान करता है। इसके यूनिफार्म का भी अपना एक अलग महत्व है। यह आपके जीवन को बेहतर तरीके से अनुशासित बनाता है। इसलिए आप अपने जीवन में सफल होना चाहते हैं तो पूरे लगन और मनोयोग से एनसीसी की ट्रेनिंग करनी चाहिए।

संबोधन के पश्चात उन्होंने एनसीसी कैडेट्स जेडी/जे डब्लू उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया। इसके साथ ही विद्यालय प्रबंधन से एनसीसी फायरिंग रेंज की बेहतर व्यवस्था, कम्प्यूटर की उपलब्धता, एनसीसी कक्ष को आधुनिक बनाने के लिए कहा। जिसपर प्रबंधन ने हर तरह से एनसीसी का सहयोग करने की बात कही।
उक्त मौके पर लेफ्टीनेंट संतोष कुमार पाटिल, द्वितीय अधिकारी रामजी प्रसाद, अंगद प्रसाद, सूबेदार लोकनाथ सिंह, जितेंद्र तिवारी, जयराम यादव, हवलदार चुराबहादुर, कैडेट्स नीरज, बिट्टू गिरी आदि मौजूद रहे।










