जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के मतसा बाण में गुरुवार की सुबह 8:30 बजे अज्ञात कारणों से आग लगने से सात झोपड़ी सहित चार पशु झुलस गए वहीं दो बाईक जल गई। पशुओं को बचाने में दो महिला भी झुलस गई।
बताया जा रहा है कि मतसा बाण में पहले घुरफेकन यादव के झोपड़ी में आग लगी और देखते ही देखते आग ने उमाशंकर, राधेश्याम, अजय, विजेंद्र, गुड्डू व श्याम सुंदर की झोपड़ी को भी अपने चपेट में ले लिया। भीषण आग को देख ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए आग को बुझाने के लिए टूट पड़े और कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया।
इस दौरान झोपड़ी से पशुओं को खोल कर बचाने में खुशबू पत्नी अजय व मीरा पत्नी उमाशंकर झुलस गई। जिन्हें उपचार के लिए कस्बा बाजार पीएचसी पहुंचे। वहीं इस घटना में अजय व गुड्डू की बाईक जल गई। साथ ही पशुओं का भूसा, गृहस्थी का समान व अनाज भी जल गया।
अगलगी की सूचना के एक घँटा बाद फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। ग्रामीणों ने बताया कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पा पाते तो बड़ी घटना घट जाती।
तहसीलदार रामनारायन वर्मा ने बताया कि अगलगी का जायजा लिया गया है। लेखपाल के रिपोर्ट के मुताबिक सरकारी मुआवजा दिया जाएगा।










