नहीं रहे जुझारू अधिवक्ता गोरखनाथ सिंह, क्षेत्र में शोक

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय बार संघ के पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता गोरखनाथ सिंह यादव (65) का रविवार की सुबह करीब 4 बजे निधन हो गया। इनके निधन होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार दिवंगत अधिवक्ता गोरखनाथ पिछले कुछ महीनों से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे, जिनका इलाज चल रहा था। इसी क्रम में रविवार की सुबह 4 बजे हरपुर स्थित अपने आवास पर इन्होंने अंतिम सांस ली। इनकी 3 पुत्रियों में से दो का विवाह हो चुका है। इनका अंतिम संस्कार महर्षि यमदाग्नि परशुराम गंगा घाट (बलुआ घाट) पर रविवार की सुबह करीब 10:30 बजे किया जाएगा, जहां इनके भतीजे सुनील उर्फ लाला मुखाग्नि देंगे।

गौरतलब है कि दिवंगत अधिवक्ता गोरखनाथ लंबे समय से स्थानीय तहसील में जुझारू व कर्तव्यनिष्ठ अधिवक्ता के रूप में जाने जाते थे। ये लगभग 5 बार स्थानीय तहसील के बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं।

बतौर बार संघ के अध्यक्ष इन्होंने न केवल अधिवक्ताओं के हितों के लिए आवाज बुलंद की, बल्कि तहसील के उच्चाधिकारियों से लोहा लेने का भी काम किया है। ये सदैव ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा व मांगो के लिए लड़ाई लड़ते रहे। अपने इसी जुझारूपन के कारण वह साथी अधिवक्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय थे।

बार संघ के वर्तमान अध्यक्ष, अधिवक्ता अशोक कुमार सिंह ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व अध्यक्ष के निधन से अधिवक्ता समाज की अपूरणीय क्षति हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *