बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में धूमधाम से मना दशहरा, रावण दहन देखने उमड़ा जनसैलाब

जमानियां (गाजीपुर)। विजयादशमी का पर्व बुधवार को स्थानीय नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। नगर के विभिन्न स्थलों पर आयोजित रामलीला मंचन में प्रभु श्रीराम द्वारा रावण वध का दृश्य प्रस्तुत किया गया। रावण का पुतला दहन होते ही आसमान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

दशहरा मेले में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी रही। मेले में बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें, मिठाई व चाट-पकौड़े के स्टॉल सजे रहे, जिनसे मेले का उत्साह और बढ़ गया। महिलाएं व पुरुष पारंपरिक परिधानों में पूरे उत्साह के साथ पर्व में शामिल हुए।

पूजा पंडालों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। लोग मां दुर्गा एवं अन्य देवी-देवताओं के दर्शन के लिए सुबह से ही कतारों में लगे रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल लगातार गश्त करती रही और हर जगह पैनी निगाह बनाए रखा।

बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत के रूप में मनाया जाने वाला दशहरे का पर्व न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक बना बल्कि सामाजिक एकजुटता और उल्लास का भी संदेश देता दिखाई दिया। पूरा नगर देर रात तक उत्सव के रंग में सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *