संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में मिला आयुष चिकित्सक का शव

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर नहर पुलिया से कुछ दूरी पर शुक्रवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में एक चिकित्सक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक जमानियां दिलदारनगर नहर मार्ग पर बहादुरपुर नहर पुलिया से महज कुछ दूरी पर शुक्रवार की दोपहर करीब 1:30 बजे एक अज्ञात युवक का शव देखा गया। जिसकी सूचना पुलिस को दी गयी। शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को नहर के पानी से बाहर निकलवाया और पहचान में जुट गई। जिसके कुछ देर बाद ही शव की पहचान असैचंदपुर गांव निवासी 35 वर्षीय डॉ. अनुपम पल्लव पुत्र रामाशीष राम के रूप में हुई, जो न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवल पर आयुष चिकित्सक के पद पर तैनात थे।

घटनास्थल के पास ही मृतक की स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी थी। मृतक के शरीर पर कहीं कोई चोट का निशान नहीं था। मृतक की हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव की पहचान होने के बाद पुलिस शव को लेकर कोतवाली चली गयी। कोतवाली पहुँची मृतक की माँ उर्मिला देवी व पत्नी ज्योति, अनुपम के शव को देख कर चीखने चिल्लाने लगी।

फोटो : पति के शव को देख रोती बिलखती पत्नी ज्योति

बताया जा रहा है कि मृतक अपने 3 भाईयों में सबसे बड़ा था। जिसकी दूसरी शादी करीब 6 माह पूर्व दिलदारनगर की रहने वाली ज्योति से हुई थी। सूत्रों की माने तो मृतक अनुपम घरेलू कलह से काफी परेशान चल रहा था।

कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *