जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की दोपहर श्रमजीवी एक्सप्रेस से गिरकर एक 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यात्रियों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरुइन में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के चितवारी गांव निवासी लक्की राम (20) पुत्र सुरेंद्र राम अपने मौसा देवानंद राम निवासी बक्सर और मामा सोनू राम निवासी बिचौली, पोस्ट चंदवा, गाजीपुर के साथ दिल्ली में काम करने के लिए निकला था। तीनों बक्सर से ट्रेन नं 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस में सवार होकर नई दिल्ली जा रहे थे।

गुरुवार की दोपहर करीब 2:20 बजे ट्रेन स्थानीय रेलवे स्टेशन को पार कर रही थी, इसी दौरान गेट के पास बैठे लक्की राम को झपकी आ गई और वह अचानक नीचे प्लेटफार्म पर गिर पड़ा। इस हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं हैं। संयोग अच्छा रहा कि इस घटना में उसकी जान बच गयी। युवक को गिरता देख स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
यात्रियों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायल युवक को बरुइन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थानीय स्टेशन पर श्रमजीवी ट्रेन का ठहराव नहीं होने से ट्रेन में सवार उसके मौसा और मामा डीडीयू स्टेशन पहुँच गये, जहां से वापस जमानियां स्टेशन पहुँचे और घायल लक्की से मिलने जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए।





