जमानियां (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय गाजीपुर एवं हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय जमानियां के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 1500 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 536 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों की ओर से मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किया गया। रोजगार मिलने से युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आठवीं, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक योग्यताधारी युवाओं का साक्षात्कार लेकर चयन किया। चयनित अभ्यर्थियों को 12 हजार से 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतन पर रोजगार के अवसर मिले।
इस दौरान जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने युवाओं को सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण, आउटसोर्सिंग के माध्यम से रोजगार, विदेश में भर्ती के अवसर और करियर काउंसिलिंग से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है, इसलिए किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएं।
मुख्य अतिथि जयप्रकाश गुप्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने युवाओं से छोटे-बड़े किसी भी रोजगार को पूरी ईमानदारी और मेहनत से करने की अपील की और कहा कि प्रदेश सरकार के इस अनूठी पहल पर ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार रोजगार मेलों का आयोजन होने से युवाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक लछिराम सिंह यादव, प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह, प्रो. अरुण कुमार, संतोष पाण्डेय, अजय कुमार गुप्त सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मंच संचालन डॉ. अभिषेक तिवारी ने किया। अंत में प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने अतिथियों, कंपनी प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





