जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार के स्थानांतरण के बाद नए अधिशासी अधिकारी के रूप में अमिता सिंह की तैनाती की गई है।
उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास अनुभाग-4 की ओर से 23 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, मीरजापुर जिले की नगर पालिका परिषद अहरौरा में तैनात अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह का स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से नगर पालिका परिषद जमानियां में कर दिया गया है।
उन्हें जमानियां में अधिशासी अधिकारी के पद पर तैनात किया गया है। यह आदेश भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जारी किया गया है। शासन ने अमिता सिंह को नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है।





