जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के बड़ेसर नहर मोड़ स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर के पास एनएच 24 पर शनिवार की दोपहर ओवरटेक के दौरान पिकअप से टकरा कर बिहार प्रदेश के बाइक सवार दो युवक गिर कर घायल हो गए। जिनमें से एक युवक को गंभीर हालत में पीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक बिहार प्रदेश के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी शिवानंद राम (24) पुत्र सिगाउ राम अपने चाचा के लड़के मनोज कुमार के साथ शनिवार को स्थानीय क्षेत्र के जीवपुर स्थित नेवाजू बाबा मंदिर पर दूध चढ़ाने आए थे।
दूध चढ़ाने के बाद वे दोनों बाइक से वापस अपने घर बिहार जा रहे थे तभी स्टेशन बाजार क्षेत्र के बड़ेसर नहर से पहले स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर के पास किसी वाहन को ओवरटेक करने के दौरान एक पिकअप से टकरा गए। इस दुर्घटना में बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर गए।
यह देख एनएच पर राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। लोगों ने 108 नं एम्बुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां शिवानंद के सिर में चोट लगने के कारण चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।





