एसडीएम ने किया गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लिया फैसला
जमानिया (गाजीपुर)। छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में एसडीएम ने शनिवार को क्षेत्र अंतर्गत आने वाले विभिन्न गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पटकनिया घाट और चक्काबांध पंप के पूर्वी गंगा घाट को छठ पूजा के लिए प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया।
एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान दोनों घाटों की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं का अवलोकन किया। गंगा घाटों पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन किसी भी प्रकार का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए उक्त दोनों घाटों पर छठ पूजा नहीं करने का निर्णय लिया गया है।
प्रशासन का यह कदम छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु गंगा सहित विभिन्न जलाशयों के किनारे पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का विशेष महत्व होता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ही घाटों पर छठ पूजा की अनुमति दी जाएगी। ऐसे में श्रद्धालुओं से अपील है कि वे प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित किए गए पटकनिया घाट और चक्काबांध पंप के पूर्वी गंगा घाट पर पूजा-अर्चना के लिए न जाएं तथा छठ पूजा के लिए सुरक्षित एवं प्रशासन द्वारा अनुमन्य घाटों का ही चयन करें। उक्त मौके पर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार भी मौजूद रहे।





