विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, संवेदनशील बूथों का होगा चिन्हीकरण

गाजीपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को भयमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को ऑडिटोरियम सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों के चिन्हीकरण के साथ मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट मतदान स्थलों का स्थलीय सत्यापन कर पिछले चुनावों में हुई हिंसा, पुनर्मतदान और दर्ज मुकदमों के आधार पर संवेदनशील बूथों की पहचान करें। जहां जाति, समुदाय या परिवार के दबाव में मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं को मतदान से रोकने की आशंका हो, ऐसे बूथों को वल्नरेबल श्रेणी में शामिल किया जाए।

मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, रैंप, बिजली, फर्नीचर, शेड और साइनेज जैसी न्यूनतम सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जर्जर भवन, खराब संपर्क मार्ग और जलभराव वाले मतदान स्थलों की भी रिपोर्ट मांगी गई।

वहीं, पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश कुमार मिश्रा ने सेक्टर पुलिस अधिकारियों को पुलिस अभिलेखों के आधार पर मतदान स्थलों का सत्यापन करने को कहा। उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों और पिछले चुनावों में हिंसक घटनाओं का ब्योरा तैयार कर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

संवेदनशील बस्तियों में गश्त बढ़ाकर मतदाताओं में सुरक्षा का विश्वास कायम करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करने के लिए निर्देशित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *