जमानियां (गाज़ीपुर)। यूजीसी की हालिया नीतियों को वापस लेने और जातिगत आरक्षण की जगह आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को तहसील मुख्यालय स्थित रामलीला मंच पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (युवा) एवं सवर्ण विकास मंच के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी निधि को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि जातिगत आरक्षण की व्यवस्था में बदलाव कर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक आधार पर आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने सामान्य वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए सवर्ण आयोग के गठन की भी मांग की।
सवर्ण विकास मंच के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने यूजीसी की नई नीतियों को वापस लेने तथा देश के सभी वर्गों के विद्यार्थियों के लिए पांच लाख रुपये का एजुकेशन कार्ड लागू करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को बनाया जाना चाहिए।
इस दौरान अमरेंद्र सिंह, विनय सिंह, वीरेंद्र राय उर्फ शाही, अजीत कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, रौशन सिंह, याकूब खान, धर्मेंद्र कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, विकास सिंह, अमरनाथ सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।








