जमानियां (गाजीपुर)। डीआईजी वैभव कृष्ण और एसपी सिटी राकेश कुमार ने शुक्रवार को स्थानीय क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। साथ ही धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया।
डीआईजी सबसे पहले हरपुर स्थित ऐतिहासिक भगवान परशुराम मंदिर पहुंचे। जहां पुरोहितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच डीआईजी और एसपी सिटी ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक और पौराणिक जानकारी ली।
तत्पश्चात अधिकारी द्वय कस्बा बाजार के बलुआ घाट स्थित पौराणिक महर्षि जगदग्नि ऋषि आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। आश्रम के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के बारे में भी जानकारी ली। अधिकारियों ने मां गंगा उत्तर वाहिनी सेवा समिति के अध्यक्ष कमल चन्द बाबा से घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी ली।

इसके बाद उन्होंने प्रसिद्ध चक्काबांध क्षेत्र का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा घाट की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सावधानी बरतने के लिए निर्देशित किया।इस मौके पर क्षेत्राधिकारी अंकित तिवारी, कोतवाल राम सजन नागर आदि मौजूद रहे।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी अंकित तिवारी, कोतवाल राम सजन नागर आदि मौजूद रहे।








