एंटी करप्शन की कार्रवाई के खिलाफ लेखपालों ने भरी हुंकार

जमानियां (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को स्थानीय तहसील परिसर में लेखपालों ने एंटी करप्शन संगठन के विरोध में कार्य बहिष्कार कर एक दिवसीय जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और तहसीलदार रामनारायण वर्मा को 5 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

लेखपाल संघ के स्थानीय तहसील अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि प्रदेश में लेखपालों पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा गलत एवं अनुचित ट्रैप की कार्रवाई की घटनाएं सामने आ रही है, जिसके विरोध में पूरे प्रदेश सहित स्थानीय तहसील में प्रदर्शन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बीते 20 अगस्त को जनपद अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्ष दीप अपने क्षेत्र के पंचायत भवन में कार्य कर रहे थे तभी भ्रष्टाचार निवारण संगठन अयोध्या द्वारा उनके विरुद्ध ट्रैपिंग की कार्रवाई की गई। जबकि उक्त प्रकरण में उपलब्ध सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से स्पष्ट है कि उत्कर्ष दीप का रिश्वत लेने से कोई संबंध नहीं है बल्कि जोर जबरदस्ती से उनके हाथ में पैसे को पकड़ाया जा रहा है। इस घटना से प्रदेश के समस्त लेखपालों में न सिर्फ भारी आक्रोश व्याप्त है, बल्कि असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो गई है।

इस संबंध में संघ की ओर से पांच प्रमुख मांगे, जिनमें प्रकरण की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने, कार्रवाई में अपनाई गई प्रक्रिया एवं उपलब्ध साक्ष्यों की उच्च स्तरीय समीक्षा करने, यदि कार्रवाई तथ्यों के विपरीत पाई जाए तो संबंधित लेखपाल को न्याय एवं उचित राहत प्रदान करने, तथ्यहीन अथवा दुर्भावना पूर्ण शिकायत पाए जाने पर एंटी करप्शन टीम के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई करने तथा राजस्व लेखपाल के सम्मान एवं अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने से संबंधित मांग पत्र तहसीलदार को सौंपा गया।

धरनारत समस्त लेखपालों ने एक स्वर से कहा कि उक्त प्रकरण में यदि अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं होता है तो लेखपाल संघ आगे भी कठोर निर्णय लेने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।

उक्त धरने में लेखपाल संघ के मंत्री मंतोष कुमार, अतुल रंजन राय, विजय कुमार, वकार खान, संदीप भारती, शिव प्रकाश पाल, तौकीर हसन, शालिनी राय, रमेश सोनकर, विकास कुमार, राजकुमार आदि लेखपाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *