जमानियां (गाज़ीपुर)। नगर स्थित सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर सत्य प्रकाश मौर्य ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय में अलंकरण समारोह का भी आयोजन हुआ। नव-निर्वाचित हेड बॉय, हेड गर्ल, वाइस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन, डिसिप्लिन इंचार्ज, असेंबली इंचार्ज व कल्चरल इवेंट इंचार्ज सहित अन्य छात्र पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाकर बैज प्रदान किए गए।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और लघु नाटिकाओं के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग व बलिदान को याद किया। प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों की खूब सराहना बटोरी।
वहीं, बीएस यात्री परिवार की ओर से विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रधानाचार्य एल.डी. जेना ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व, ईमानदारी और राष्ट्रप्रेम के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
मैनेजिंग डायरेक्टर सत्य प्रकाश मौर्य ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा, परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कोऑर्डिनेटर नफीस अंसारी, काउंसलर शबीना खान, पीटीआई अजय शर्मा, हाउस हेड्स अजीत प्रताप सिंह, नवीन शर्मा, बी.एन. यादव व मुकेश राय सहित शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। समापन पर सभी को मिठाई वितरित की गई।
सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, हुआ अलंकरण समारोह




