सड़क पटरी पर ट्राली ट्रांसफॉर्मर पड़े रहने से दुर्घटना की आशंका

जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के राधाकृष्ण मंदिर के पास सड़क पटरी पर करीब एक माह से पड़ा ट्राली ट्रांसफॉर्मर राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। नगरवासियों की कई बार की शिकायत के बाद भी जिम्मेदार चुप्पी साधे हुए हैं।

नगरवासियों के मुताबिक बीते जून माह में राधाकृष्ण मंदिर स्थित 400 केवीए का ट्रांसफॉर्मर जल जाने के बाद नगर में बिजली आपूर्ति के लिए 20 जून को बिजली विभाग द्वारा नगर पालिका का ट्राली ट्रांसफार्मर मंगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की गई। करीब 21 दिन बाद 12 जुलाई को विभाग द्वारा 400 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगा दिया। लेकिन 8 दिन बीत जाने के बाद भी संबंधित विभाग द्वारा सड़क पटरी से ट्राली ट्रांसफॉर्मर अब तक नहीं हटाया गया।

जिससे स्कूली बच्चों, वाहन चालकों, राहगीरों सहित मंदिर में आने जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, राधाकृष्ण मंदिर मार्ग का रास्ता सकरा होने तथा सड़क पटरी पर ट्राली ट्रांसफॉर्मर पड़े रहने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। नगरवासियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सड़क पटरी से ट्राली ट्रांसफॉर्मर हटाये जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *