रोस्टर प्रणाली से सिंचाई बाधित, पंप कैनाल को पूरी क्षमता से चलाने की उठी मांग

जमानियां (गाजीपुर)। चौधरी चरण सिंह पम्प कैनाल चक्काबांध को पूरी क्षमता से चलाने तथा नहर के रोस्टर प्रणाली को समाप्त किए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने नवागत एसडीएम सुश्री निधि को मांग पत्र सौंपा है।

किसान नेता अरविंद कुमार सिंह ने एसडीएम को पत्रक सौंप कर बताया कि पंप कैनाल से जुड़ी देवैथा व दिलदारनगर राजवाहा की माइनरों में रोस्टर व्यवस्था के तहत पानी दिए जाने से खेतों की सिंचाई बाधित हो रही है। इस व्यवस्था के तहत वर्तमान में एक-एक सप्ताह के अंतराल पर पानी दिया जा रहा है, जिससे केवल नहर के शुरुआती हिस्से के किसानों को ही लाभ मिल पा रहा है, जबकि मध्य व अंतिम छोर के किसान नहर के पानी से वंचित रह जा रहे हैं।

पानी सूखने के कारण कुछ किसान दूसरे रोस्टर में भी पानी लेने को मजबूर हैं, जिससे असमान वितरण की स्थिति बनी हुई है। इसका सीधा असर धान की रोपाई पर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पम्प कैनाल पूरी क्षमता से नहीं चलाई जा रही है, जिससे पानी की उपलब्धता और कम हो गई है, जबकि गंगा के जलस्तर में वृद्धि हो रहा है। देवैथा राजवाहा से जुड़े देवैथा, करमहरी, रोहुणा, तियरी, देवड़ी, दाउदपुर, धुस्का, रामनारायणपुर सहित कई गांवों में धान की रोपाई अभी तक शुरू नहीं हो सकी है।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि रोस्टर प्रणाली को समाप्त कर नहरों में निरंतर व पूर्ण क्षमता से पानी छोड़ा जाए, ताकि समय पर धान की रोपाई संभव हो सके और कृषि कार्य प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *