संवाद सूत्र – ईशा नियाजी
जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के अप प्लेटफार्म के स्टार्टर सिग्नल के पास रेल पटरी के किनारे शनिवार की तड़के सुबह एक 84 वर्षीय वृद्ध की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई।
सुबह करीब 5:20 बजे स्टेशन मास्टर द्वारा आरपीएफ स्टाफ को सूचना दी गई कि रेलवे ट्रैक के अप प्लेटफार्म के स्टार्टर सिग्नल के पास किलोमीटर संख्या 711/07 से 711/09 के बीच एक यात्री घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही आरपीएफ हेड कांस्टेबल अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे, जहां एक वृद्ध व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके सिर में गहरी चोटें थीं और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था।
उन्होंने तत्काल इसकी सूचना निरीक्षक प्रभारी दिलदारनगर, डायल 112 व 108 एंबुलेंस को दी। तलाशी के दौरान घायल व्यक्ति के पास से पटना से दिल्ली का जनरल टिकट और आधार कार्ड बरामद हुआ, जिससे उसकी पहचान श्रीनाथ सिंह (84 वर्ष) पुत्र इंद्रदेव सिंह, निवासी सरमस्तपुर, मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई। तत्पश्चात एंबुलेंस से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमानियां ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर कर दिया गया।
सुबह करीब 7:35 बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवाकर परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि घटना से पूर्व दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 03293 सुबह 4:36 बजे इस ट्रैक से गुजरी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मृतक उसी ट्रेन से गिर गया होगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

