करंट की चपेट में आने से इकलौते पुत्र की हुई मौत

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के मंझरिया गांव में रविवार की शाम करीब 7 बजे पंखे में उतरे करेंट की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।

बताया जा रहा है कि मंझरिया गांव निवासी ओमप्रकाश यादव उर्फ गुड्डू का 13 वर्षीय इकलौता पुत्र दीपक यादव रविवार की शाम घर में पंखा चलने के लिए बिजली के बोर्ड में तार लगा रहा था, इसी दौरान वह पंखे में उतर रहे करेंट की चपेट में आकर चिपक गया। यह देख पास में मौजूद दीपक के बड़े पिता की पुत्री रोमा ने डंडे की सहायता से उसे पंखे से छुड़ाया और इसकी जानकारी घर वालों को दी।

आनन फानन में निजी अस्पताल में दिखाने के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाने लगे तभी रास्ते में ही उसने अपना दम तोड़ दिया। दीपक की मौत की खबर लगते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

दो बहनों, निधि और नेहा में दीपक सबसे छोटा था। वहीं पिता ओमप्रकाश यादव एक गरीब किसान हैं, जो खेती मजदूरी कर परिवार चलाते है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *