जमानियां (गाजीपुर)। जमानियां धरम्मरपुर गंगा पुल पर आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत लोक निर्माण विभाग द्वारा लोहे की जाली लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिसमें पुल के दोनों तरफ जाली लगाया जाएगा।
आये दिन कोई न कोई आत्महत्या की नियत से इस गंगा पुल से नदी में छलांग लगा देता है। इस तरह की घटना में कई लोगों को नाविकों द्वारा बचाया जा चुका है तो वहीं अब तक कई लोगों की डूबकर मृत्यु भी हो चुकी है। जिसका ताजा उदाहरण कटरियां गांव की घटना से भी देखा जा सकता है। जहां हाल ही में एक 16 वर्षीय किशोरी ने गंगा नदी में कूद कर आत्महत्या कर ली।
इस घटना के बाद से लोक निर्माण विभाग सतर्क हो गया है और इस पुल पर दोनों तरफ लोहे की सुरक्षा जाली लगाने में जुट गया है। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि इस पुल पर 653 मीटर दोनों तरफ सुरक्षा जाली लगाएगा। जिससे कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।










