जमानियां (गाजीपुर)। दिल्ली- हावड़ा मुख्य रेल मार्ग के बहोरा चंडील हाल्ट के पास हैदराबाद से कमा कर घर जा रहा श्रमिक का रुपया छीनकर अराजक तत्वों ने ट्रेन से धक्का दे दिया।जिससे वह रेल पटरी के किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गुरुवार की शाम की बताई जा रही है।
घायल युवक रेल पटरी किनारे पड़ा था जिस पर राहगीर की नजर पड़ गई तो उसने अपनी बाईक से गंभीर हालत में घायल युवक को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर छोड़ा गया। जहां लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस से घायल युवक को पीएचसी भेजवाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। सूचना पर डायल 112 पुलिस भी अस्पताल पहुंची।
गंभीर रूप से घायल बिहार के मोतिहारी निवासी विनोद राय ( 35) ने अस्पताल में बताया कि वह हैदराबाद में प्राइवेट कंपनी में काम करता था। कमा कर घर 12 हजार रुपया लेकर जा रहा था। ट्रेन के दरवाजा के पास खड़ा था, खान पान का सामान खरीदने के लिए पांच सौ का नोट निकाला तो मेरे पास रुपया देख कुछ अनजान युवक मुझे परेशान करने लगे और छीना झपटी करने लगे जब मैंने उसका विरोध किया तो युवकों ने रुपया छीन मुझे ट्रेन से नीचे धकेल दिया जिससे मैं गंभीर रूप से घायल हो गया।
चिकित्सक डॉ देवेंद्र प्रसाद ने बताया कि युवक का बायां हाथ टूट गया है। सर और आंख में गंभीर चोट है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला मेडिकल कालेज के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

