जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन क्षेत्र के इलायचीपुर उर्फ डिगरी गांव के पश्चिमी तरफ सोमवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लोगों ने डाउन रेल लाइन पर एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत विक्षत शव देखा। सूचना पर पहुंची जीआरपी शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह करीब 7:30 बजे डाउन रेल लाइन से ट्रेन नं 22564 जयनगर अंत्योदय एक्सप्रेस तेज गति से जा रही थी, तभी डाउन लाइन के किलोमीटर संख्या 712/4 के पास अचानक एक अज्ञात व्यक्ति रेल पटरी पर आ गया। जिससे ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। कुछ मीटर आगे जाने के बाद ट्रेन भी खड़ी हो गई।
ट्रेन के पायलट ने घटना की सूचना स्टेशन के पैनल में देने के बाद आगे को रवाना हुई। स्टेशन की सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने शव को रेल पटरी से हटवा कर किनारे कराया और मृतक की पहचान में जुट गई। इस दौरान करीब दो घंटे तक शव रेल पटरी के किनारे क्षत विक्षत अवस्था में पड़ा रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने आशंका व्यक्त किया कि मृतक ने शायद ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या की है।
शव की पहचान नहीं होने पर जीआरपी शव को कब्जे में लेकर दिलदारनगर चली गई। जहां दोपहर बाद मृतक की पहचान जमानियां कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव निवासी सुदर्शन यादव (50) पुत्र जंगबहादुर यादव के रूप में हुई।
इस संबंध में जीआरपी चौकी प्रभारी अश्विनी पटेल ने बताया कि मृतक की पहचान उनके परिजनों ने की है, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

