जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र के करमहरी घरोहिया चट्टी के पास दोपहर 2:30 बजे दो बाईक की आमने सामने हुई जोरदार टक्कर में बिहार निवासी दो युवकों की मौत हो गई, जबकि करहमरी निवासी परमवीर चौधरी (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर उपचार के लिए दिलदारनगर के निजी अस्पताल पहुंचे। लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक बिहार प्रदेश के कैमूर जनपद के रामगढ़ थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी निरंजन राम (23) पुत्र लक्ष्मन राम बाईक से किसी काम से अपने किसी परिचित के संग जमानियां आया था। तेज रफ्तार से वापस लौटते समय देवैथा-करमहरी मार्ग पर घरोहिया चट्टी के पास सामने से बाईक से आ रहे करमहरी गांव निवासी परमवीर चौधरी को टक्कर मार दिया। जिससे दोनों बाईक चालक सड़क पर बाइक सहित गिर गए।
तेज आवाज सुन ग्रामीण दौड़े और भीड़ जुट गई। सूचना पाकर देवैथा चौकी पुलिस पहुंची और गंभीर रूप से घायल बिहार के दोनों युवकों को 102 एम्बुलेंस से लेकर कस्बा बाजार स्थित पीएचसी पहुंची जहां चिकित्सक डॉ रुद्रकांत सिंह ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर बड़ेसर गांव स्थित श्मशान घाट पर दाह संस्कार में पहुंचे विशुनपुरा गांव के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। जहाँ पिता लक्ष्मन राम ने निरंजन राम की पहचान अपने पुत्र के रुप में कर रोने बिलखने लगे।
हालांकि निरंजन संग बाईक के पीछे बैठा दूसरा युवक के शव की पहचान मौके पर नहीं हो सकी। उधर गंभीर रूप से घायल करमहरी गांव निवासी परमवीर चौधरी का उपचार दिलदारनगर के निजी अस्पताल में चल रहा था। लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
इस संबंध में कोतवाल राम सजन नागर ने बताया कि बाईक की टक्कर में बिहार के दो युवकों की मौत हुई है। जिसमें एक युवक के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।










