जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के लमुई गांव में होली पर्व के दिन पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए वहीं एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है। जिसका इलाज मुगलसराय में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदौली जनपद के धामिना गांव निवासी प्यारे बिंद, जो वर्तमान में जमानियां क्षेत्र के लमुई गांव में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए गए तहरीर में बताया कि बीते बुधवार को होली पर्व के दिन करीब तीन बजे वह नहा-धोकर मंदिर में अबीर चढ़ाकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर मोटरसाइकिल से पहुंचे कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा व ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।
हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे छोटेलाल, रामजियावन, रमेश, शिवमुनी, आकाश, लक्की और धनंजय को भी विपक्षियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इस घटना में छोटेलाल बिंद के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर में गांव के ही आकाश बिंद, अंकित बिंद, सूरज बिंद, आलोक कुमार, देवानंद कुमार, गोपीचंद, सोनू बिंद, प्रद्युम्न बिंद उर्फ मनीष, चंद्रशेखर बिंद, आनंद कुमार, सारंगी बिंद, पारस बिंद, प्रिंस बिंद तथा पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
कोतवाल राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।










