जमानियां (गाजीपुर)। हेतिमपुर स्थित एसएसदेव पब्लिक स्कूल इंटर कॉमर्स के छात्राओं ने नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जेड-फ़ास्ट नामक स्टार्टअप मॉडल विकसित किया है। यह स्टार्टअप स्थानीय बाजार में एफएमसीजी उत्पादों की साइकिल के माध्यम से तेज, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल डिलीवरी पर आधारित है।
तेज, बेहतर, सटीक – पलक झपकते ही डिलीवरी टैगलाइन के साथ यह पहल आत्मनिर्भर भारत और हरित परिवहन की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। इस स्टार्टअप आइडिया के माध्यम से छात्रों ने यह सिद्ध किया है कि कम संसाधनों में भी नवाचार, प्रबंधन कौशल और सामाजिक सोच के साथ प्रभावी व्यवसाय मॉडल तैयार किया जा सकता है।
साइकिल आधारित डिलीवरी न केवल प्रदूषण कम करती है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करती है। विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र कुशवाहा ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने की क्षमता रखते हैं। जेड फ़ास्ट जैसी पहल छात्रों की उद्यमशील सोच, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाती है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यालय के छात्र नवाचार के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रधानाचार्या सुनीता कुशवाहा ने कहा, कॉमर्स छात्रों द्वारा तैयार किया गया यह स्टार्टअप आइडिया उनके व्यावहारिक ज्ञान और टीमवर्क का परिणाम है। हम शिक्षा को केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रखते, बल्कि विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान के लिए तैयार करते हैं। जेड फ़ास्ट इसी सोच का सशक्त उदाहरण है।
शिक्षकों का मार्गदर्शन इस पूरे प्रोजेक्ट में कॉमर्स विभाग के शिक्षकों शगुफ्ता रहमान, डॉ. देवेंद्र वर्मा और सनी सिंह ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। शिक्षकों ने अकाउंट्स, बिज़नेस स्टडीज़ और उद्यमिता के सिद्धांतों को व्यावहारिक रूप में लागू करना सिखाया, जिससे छात्र एक सशक्त और व्यवहारिक स्टार्टअप मॉडल तैयार कर सके।










