जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के करजही गांव के सामने बुधवार को सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अप रेल पटरी पर एक युवक का क्षत विक्षत शव पड़ा हुए देखा गया। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि बुधवार की तड़के सुबह करीब साढ़े पांच बजे ट्रैक पेट्रोलिंग कर रहे गैंगमैन ने करजही गांव के सामने अप रेल लाइन के किलोमीटर संख्या 710/13 के पास एक अज्ञात युवक का क्षत विक्षत शव देखा और इसकी सूचना स्टेशन को दी। स्टेशन की सूचना पर पहुंचे आरपीएफ स्टाफ बृजकिशोर सिंह ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन पाया। फोन क्षतिग्रस्त होने के कारण उसका सिमकार्ड निकाल कर दूसरे मोबाइल में लगाया और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।

परिजनों ने मृतक की पहचान रवींद्रनाथ राय उर्फ मल्लू राजभर (38 वर्ष) निवासी वार्ड नं 9 स्टेशन बाजार के रूप में की। मल्लू की मौत होने की खबर लगते ही लोगों की भारी भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि मृतक मल्लू खेती मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। जिसके दो पुत्र हैं। पति के मौत की खबर मिलते ही पत्नी सरिता रोने बिलखने लगी।
मृतक मल्लू ने आत्महत्या की है या महज एक हादसा है, यह रहस्य बना हुआ है। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी अश्विनी प्रताप सिंह ने घटना की जानकारी ली। हालांकि घटनास्थल जीआरपी सीमाक्षेत्र में होने के कारण जीआरपी चौकी प्रभारी जैदान सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।










