जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के राजपुर पोखरा के पास शुक्रवार की रात एनएच 24 पर एक बाइक चालक की अनियंत्रित होकर गिरने से इलाज के दौरान मौत हो गयी।
जानकारी के मुताबिक हरपुर गांव निवासी रोहित खरवार पुत्र अमेरिका खरवार शुक्रवार की रात करीब 9 बजे अपाचे बाइक से कस्बा बाजार की तरफ जा रहा था तभी राजपुर पोखरा के पास वह अनियंत्रित होकर एनएच 24 किनारे एक छोटी सी मंदिर के चबूतरे में जोरदार टक्कर मार दिया। इस घटना में वह बाइक सहित गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास रहने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायल को पीएचसी पहुँचाया। जहां उसकी हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
मृतक की पहचान नहीं होने के कारण उसे मोर्चरी हाउस में रखा गया। उधर मृतक रोहित के परिजन रात भर उसे खोजते रहे। शनिवार की सुबह जब उन्हें पता चला कि बीती रात एक अज्ञात युवक सड़क दुर्घटना में घायल हुआ था। तब परिजन रोहित की जानकारी के लिए कोतवाली पहुँचे, जहाँ घायल युवक का फोटो देख उसकी पहचान रोहित के रूप में की। बताया जा रहा है कि रोहित गांव के ही एक निजी स्कूल में कक्षा 9 में पढ़ता था और पिता बाहर रहकर काम करते हैं।
मृतक के चचेरे भाई नारायन खरवार ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया है। कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।










