जमानियां (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तत्वावधान में शनिवार को स्थानीय तहसील परिसर में अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
लेखपाल संघ की प्रमुख मांगों में प्रारंभिक वेतनमान का उच्चीकरण, पदोन्नति के अवसरों में बढ़ोतरी, एसीपी (ACP) से जुड़ी विसंगतियों का निस्तारण और विभिन्न भत्तों में वृद्धि शामिल है। इसके साथ ही पदनाम परिवर्तन, अंतर्मंडलीय स्थानांतरण की सुविधा, पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान तथा कार्य क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु राजस्व पुलिस चौकी की स्थापना की मांग भी उठाई गई।

संघ के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने चेताया कि यदि हमारी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो लेखपाल संघ व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा। धरने में शामिल लेखपालों ने कहा कि सेवा शर्तों में सुधार और वित्तीय लाभ प्रदान किया जाना समय की जरूरत है और सरकार से सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।
धरने के दौरान रमेश राम, रूपेश रंजन, विनीत सिंह, शिवप्रताप, अमित, वकार, राजकुमार, शालिनी राय, नितेश, आरती, आशुतोष सहित कई लेखपाल मौजूद रहे।










