जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के वार्ड नं 5 स्थित कब्रिस्तान के मजार पर गुरुवार की देर शाम हजरत मुस्तकीम शाह बाबा का 64वां सालाना उर्स बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया।
उर्स की शुरुआत गुरुवार की दोपहर 3 बजे सज्जादानशीन डॉ. जाने आलम खान के यहां से चादर उठाकर कव्वाली के साथ शुरू हुई। जो रेलवे फाटक, गांधी चौक होते हुए मरहूम सूफी फकरुद्दीन के आवास पर पहुंचा। जहां कव्वाली पेश किए जाने के बाद पुनः चादर उठाकर कर सब्जीमंडी होते हुए पटखौलिया वार्ड नंबर 5 स्थित कब्रिस्तान पर पहुंचा, जहां हजरत मुस्तकीम शाह बाबा के मजार पर पहुंच कर चादरपोशी की गई।

इसके बाद जायरीनों ने हजरत मुस्तकीम शाह बाबा के मजार पर फातिहा पढ़ कर दुआ की। वहीं डॉ. महमूद साहब व सूफी फकरुद्दीन के मजार पर भी चादरपोशी कर दुआ पढ़ी गई। उर्स में मेले जैसा माहौल बना रहा, जगह जगह खिलौने, मिठाई, मूंगफली की दुकान लगी रही। इस दौरान लोगों के लिए लंगर की भी व्यवस्था की गई थी, जिसमें पहुंचे लोगों ने लंगर का लुत्फ उठाया। मजार के बगल में कव्वाली पेश किया गया, जिसमें बैठे श्रोताओं ने देर रात तक कव्वाली का आनंद उठाया।

उक्त मौके पर ईशा नियाजी, जावेद अनवर, मु. सलीम नियाजी, मु. अशरफ, शिबू, शाने आलम खान, बंटी, दिलीप राय, असलम, सद्दाम, सैफ अली, महमूद आदि शामिल रहे।










