भरत मिलाप देख भर आई आंखें, लगे जय श्री राम के जयकारे

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के गांधी चौक में शनिवार की रात देव स्थान समिति द्वारा आयोजित रामलीला मंचन का समापन भरत मिलाप व रामलीला मैदान में प्रभु श्री राम के राजगद्दी के मंचन के साथ समापन किया गया।

तीर्थराज प्रयागराज के जय मां शीतला रामलीला मंडली के कलाकारों द्वारा रामलीला मंचन की शुरुआत श्री गणेश व श्रीराम आरती के साथ किया गया। तत्पश्चात भरत मिलाप का प्रसंग शुरू हुआ। जिसमें रावण वध के पश्चात 14 वर्ष का वनवास खत्म होने पर प्रभु श्री राम के आदेश पर हनुमान जी अयोध्या जाकर भरत को श्री राम के अयोध्या आने की सूचना देते हैं।

मंच पर भगवान श्रीराम के वनवास से लौटने पर जब भरत चरण पकड़ कर प्रभु श्रीराम के गले लगे, तब यह दृश्य देख कर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। मंच पर भाईचारे और त्याग का अद्भुत दृश्य देखकर उपस्थित श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। राम, लक्ष्मण, सीता और भरत की भूमिका निभाने वाले कलाकारों के जीवंत अभिनय ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

भरत मिलाप के बाद रामलीला मैदान में प्रभु श्री राम के राज गद्दी का मंचन किया गया। जिसे देख दर्शकों के जयघोष से पूरा वातावरण राममय हो उठा। रामायण में भरत मिलाप का प्रसंग न सिर्फ हमें भाईचारा सिखाता है, बल्कि भाई से भाई के प्रति प्रेम, त्याग, तपस्या और समर्पण भी सिखाता है।

इस अवसर पर देव स्थान समिति के संरक्षक पूर्व चेयरमैन अनिल कुमार गुप्ता, शंकर शर्मा, कार्यवाहक अध्यक्ष पंकज कुमार निगम, राजू गुप्ता, योगेश कुमार, मनोज कुमार रौनियार, मंटू मिश्रा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *