दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम देकर अज्ञात चोर ने पुलिस को दी चुनौती, उड़ाया लाखों के आभूषण व नगदी

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के बड़ेसर गांव में शनिवार को अज्ञात चोर ने एनएच 24 स्थित एक मकान में दिनदहाड़े चोरी की सनसनी वारदात को अंजाम दिया है। चोर ने घर में रखे लाखों के आभूषण व नगदी को पार कर पुलिस को खुली चुनौती दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर तफ्तीश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक बड़ेसर गांव निवासी मुन्ना राम की पत्नी लालसा देवी शनिवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे पड़ोस में ही कपड़े सिलवाने गई हुईं थीं। जहां से काम पूरा होने के बाद करीब डेढ़ बजे जब घर का दरवाजा खोली तो अंदर का नजारा देख पैरों तले जमीन खिसक गई।

देखा कि कमरे के बाहर कपड़े और बैग बिखरे पड़े हुए थे। जब कमरे के पास पहुंची तो देखा कि कमरे के दरवाजे पर लगे ताले को चोर ने काट दिया था और बक्से की कुंडी व ताला तोड़कर उसमें रखे अटैची को खोल कर उसमें से दो लाख रुपए नगद व सोने चांदी के करीब दो लाख रुपए मूल्य के आभूषण की चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी होने पर लालसा देवी के पति मुन्ना राम ने डायल 112 को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 व स्टेशन बाजार चौकी प्रभारी अश्विनी कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच कर पीड़ित से जानकारी ली और मामले की तफ्तीश में जुट गए।

पीड़िता लालसा देवी ने बताया कि करीब दो माह बाद दिल्ली में काम कर रहे पुत्र इंद्रजीत की शादी की तैयारियां चल रही थी और उसी के लिए गहने व नगदी इकट्ठा किया जा रहा था। लेकिन अज्ञात चोर ने चोरी की घटना को अंजाम देकर शादी की तैयारियों पर ग्रहण लगा दिया।

दिनदहाड़े एनएच 24 किनारे हुई चोरी की इस घटना ने पुलिस सहित ग्रामीणों को हैरान कर दिया है। क्योंकि जिस घर में चोरी हुई, उसके बगल में गली है जिसमें ग्रामीणों का दिन भर आना जाना लगा रहता है तो वहीं घर के दूसरी तरफ बगल में कोई घर नहीं है, जमीन खाली है और घर पीछे दूसरे पड़ोसी का मकान है।

अब सवाल यह उठता है कि आखिर दिनदहाड़े चोर घर में घुसा कैसे, क्योंकि गांव के लोग हर वक्त आसपास मौजूद रहते हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस सनसनी वारदात का खुलासा करने में कितना सफल हो पाती है।

इस संबंध में कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर मामले की छानबीन की जा रही है, पीड़ित द्वारा अभी तहरीर नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *