जमानियां (गाजीपुर)। विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को एक निजी विद्यालय में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने की।
एसडीएम ने सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारियों) को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध मतदाता सूची आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक बीएलओ को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज किए जाएं और अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जाएं, ताकि चुनाव के समय किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
प्रशिक्षण में बताया गया कि इस अभियान के अंतर्गत वर्ष 2003 और 2025 की मतदाता सूचियों का तुलनात्मक मिलान किया जाएगा। मिलान के बाद छूटी हुई प्रविष्टियों को जोड़ा जाएगा तथा दोहराव या मृतकों के नाम सूची से हटाए जाएंगे। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता के नाम या पते में त्रुटि पाई जाती है तो उसे तत्काल सुधार कर सही किया जाए।
कार्यक्रम में तहसीलदार रामनारायन वर्मा, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार, बीईओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को प्रपत्रों की जानकारी, ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग और सत्यापन प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
एसडीएम चौरसिया ने अंत में सभी बीएलओ से कहा कि यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए।










