जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कस्बा निवासी एवं सत्याम इंटरनेशनल स्कूल के पी.टी.आई. शिक्षक अजय कुमार शर्मा को सीबीएसई नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2025-26 में बतौर रेफरी नियुक्त किया गया है। जिससे विद्यालय सहित परिजनों में हर्ष व्याप्त है। गौरतलब हो कि यह जिम्मेदारी उन्हें लगातार पांचवीं बार मिली है।
सीबीएसई नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2025-26 प्रतियोगिता 3 से 7 सितम्बर तक अमनीव विज़न स्कूल, इटावा में आयोजित हो रही है। इसमें देशभर के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अजय शर्मा इंटरनेशनल खिलाड़ी, नेशनल मेडलिस्ट और ब्लैक बेल्ट थर्ड डैन (कुक्किवोन, साउथ कोरिया प्रमाणित) हैं। वह उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन से पंजीकृत इंस्ट्रक्टर भी हैं।
साल 2021 से वे एस.आई.एस. ताइक्वांडो अकैडमी, जमानियां का संचालन कर रहे हैं। यहां बच्चों को आत्मरक्षा, फिटनेस और अनुशासन की शिक्षा दी जाती है। अकैडमी के अब तक दस से अधिक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक, जबकि बीस से अधिक खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। कई खिलाड़ी स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया में चयनित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
वर्ष 2023 में उनके नेतृत्व में सत्याम इंटरनेशनल स्कूल परिसर में “प्रथम स्पर्धा ताइक्वांडो प्रतियोगिता” का सफल आयोजन भी किया गया था।
अजय शर्मा का कहना है कि “ताइक्वांडो केवल खेल ही नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, शारीरिक फिटनेस और मानसिक अनुशासन का माध्यम है। मेरा प्रयास है कि गाज़ीपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।”










