धृति कृष्णा ने राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में जीते दो स्वर्ण, एक रजत पदक

जमानियां (गाज़ीपुर)। होनहार तीरंदाज धृति कृष्णा ने राष्ट्रीय स्तर पर गाज़ीपुर का नाम रोशन किया है। केरल के एर्नाकुलम ज़िले स्थित मार अथानासियस इंटरनेशनल स्कूल, कोठामंगलम कॉलेज पी.ओ. में 29 से 31 अगस्त तक आयोजित सीआईएससीई राष्ट्रीय तीरंदाजी टूर्नामेंट में धृति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया।

धृति, ज़मानिया स्थित सेंट मैरी स्कूल की छात्रा एवं द्रोणा तीरंदाजी अकादमी की प्रशिक्षु हैं। अकादमी के संस्थापक और मुख्य कोच सतीश दुबे ने बताया कि महज 13 वर्ष की उम्र और केवल डेढ़ साल के तीरंदाजी करियर में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना धृति की प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है। यह उपलब्धि अन्य बाल खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि जिले के स्कूल, कॉलेज और संस्थाओं को भी खेलों के विस्तार के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि खेल के माध्यम से चौमुखी विकास की संभावनाएँ अपार हैं।

धृति के राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन पर स्थानीय कोच संदीप सिंह और खिलाड़ियों ने उनका स्वागत किया तथा आगामी स्टेट चैंपियनशिप के लिए तैयारियों की शुरुआत कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *