बीमारी से तंग युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मतसा गांव में शुक्रवार की देर रात एक युवक ने बीमारी से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतसा निवासी 36 वर्षीय सुमित कुमार राय पुत्र केशव प्रसाद राय लंबे समय से बीमार चल रहा था। बीमारी के चलते वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहता था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 12 बजे खाना खाने के बाद वह घर में अकेले सोने चला गया और इसी दौरान फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी कुमकुम राय सहित मां प्रभावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मृतक के पीछे एक पुत्री और एक पुत्र भी है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।

सूत्रों की माने तो घटना से करीब तीन चार दिन पहले मृतक का उसकी पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद शुक्रवार की रात घर के पास ही हो रहे भजन कीर्तन में शामिल होने के बाद देर रात घर चला गया और कमरे में जाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक के पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *