वर्ल्ड पुलिस गेम्स अमेरिका के गोल्ड मेडलिस्ट का हुआ भव्य स्वागत

जमानियां (गाजीपुर)। अमेरिका के बर्मिंघम शहर से मेडल जीतकर लौटे लोटवा के लाल असम राइफल्स में तैनात मनीष दूबे का खेल प्रेमियों व स्वजन ने स्थानीय स्टेशन पर गुरुवार को गाजा बाजा के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद नगर में भ्रमण के पश्चात जगह जगह लोगों ने मनीष पर फूल वर्षा कर स्वागत किया।

बर्मिंघम में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स 2025 में मनीष ने भारतीय पुलिस का प्रतिनिधित्व करते हुए दो स्वर्ण व एक रजत पदक हासिल किया था। मनीष दूबे के इस अद्वितीय उपलब्धि पर नगर व क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। मनीष को 17 जुलाई को भी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सम्मानित किया था तथा एक अगस्त को असम राइफल्स के महानिदेशक विकास लखेरा द्वारा शिलांग में सम्मानित किया गया था।

जीत के बाद मनीष के प्रथम नगर आगमन पर नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने सभासदों संग रेलवे स्टेशन पहुंच कर स्वागत किया। कहा कि मनीष की इस सफलता ने क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है और युवा पीढ़ी के लिए एक संदेश दिया है।

इस अवसर पर पिता नंदू दुबे, सभासद राहुल वर्मा, सभासद रोहित शर्मा, भाजपा मीडिया प्रभारी संजीत यादव आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *